Jalandhar-Moga National Highway आज मंगलवार की सुबह घनी धुंध के कारण शाहकोट के नजदीक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हादसे में एक के बाद एक करीब आधा दर्जन से अधिक वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। मृतक की पहचान डबवाली के रहने वाले परगट सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे घनी धुंध के कारण मोगा से जालंधर की ओर जा रहा एक टिप्पर शाहकोट से पहले फ्लाईओवर से उतरते समय किसी भारी वाहन से टकराकर सड़क के बीचो-बीच रुक गया। लो विजिबिलिटी के कारण परगट सिंह की कारण सड़क के बीचो-बीच खड़े टिप्पर के पीछे जोरदार तरीके से टकरा गई। कार को परगट सिंह चला रहे थे और उसमें चार अन्य लोग भी सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर अंदर ही फंस गया। परगट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान एक और कार उसी टिपर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के पांचों सदस्य जख्मी हो गए। एक अन्य टक्कर में, एक और ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराकर पलट गई, जिसमें सवार 2 लोग घायल हो गए।
एम्बुलेंस के जरिए घायलों को शाहकोट के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बाद में अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।