
पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर रिश्वत केस में पकड़े गए बिचौलिए कृष्णु शारदा को सीबीआई की विशेष अदालत ने बुधवार को 9 दिन की सीबीआई के रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई ने कृष्णु शारदा का 12 दिन का रिमांड मांगा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,सीबाई द्वारा भुल्लर को भी पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जा सकता है। बुड़ैल जेल में कृष्णु शारदा से मिलने वालों का डेटा भी कोर्ट को सौंपा गया है । सीबीआई कृष्णु शारदा के जरिए उन अफसरों तक पहुंचना चाहती है जो रिश्वत मामले में नेटवर्क से जुड़े हैं।
दूसरी तरफ डीआईजी भुल्लर के बाद पंजाब पुलिस के पूर्व एआईजी रछपाल सिंह को 8 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन पर एक व्यक्ति को झूठे ड्रग केस में फंसाने का आरोप है। जालंधर एसटीएफ की टीम ने पूर्व एआईजी को अमृतसर से हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने के बाद 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
जानकारी के अनुसार साल 2017 में अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह को एसटीएफ ने सिविल अस्पताल पट्टी से हिरासत में लिया था। एसटीएफ ने अपनी जांच रिपोर्ट में कहा था कि आरोपी भौर सिंह के खेत से 4 किलो 530 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, तीन मैगजीन और 56 कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस ने बलविंदर सिंह, मेजर सिंह और भौर सिंह के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किए थे।