
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
बरनाला पुलिस ने लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक युवती भी शामिल है। यह अंतरराज्यीय गिरोह पंजाब ही नहीं देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को दो वर्षों से ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार करते हुए कुल 9 लोगों को नामजद किया है।
यह गिरोह मोहाली के जीरकपुर से पकड़ा गया है।
एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि जीरकपुर में एक कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया और पर छह आरोपियों को काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अंबिला, शिवा, चिलंजीवी, पवन कुमार, भवन और वीरा शामिल है। गिरोह का मास्टरमाइंड जीरकपुर निवासी अमित फिलहाल फरार है। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को लोन देने का झांस देकर ठगी करता था।
कहां-कहां फैला था गिरोह का नेटवर्क, कैसे हुआ खुलासा
एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क पंजाब, राजस्थान, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और गोवा तक फैला हुआ है। ठग गिरोह का भंडाफोड़ पुलिस को बरनाला के एक व्यक्ति द्वारा शिकायत दिए जाने के बाद हुआ। इस मामले की जांच साइबर सेल कर रहा था। आरोपियों से लाखों रुपए, 67 मोबाइल, एटीएम और सिम बरामद हुए हैं।
