
गुरदासपुरः आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने ड्रग्स के खिलाफ जारी लड़ाई को लेकर स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तरह से अनुशासित है और जो भी नेता सरकार में रहकर या संगठन में किसी पद पर रहते हुए पार्टी या पंजाब के लोगों के हित के खिलाफ काम करेगा, उसे सज़ा ज़रूर मिलेगी।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों की उम्मीदों की पार्टी है और इसमें किसी भी नेता की व्यक्तिगत राजनीति की कोई जगह नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई नेता अपनी व्यक्तिगत अहम की राजनीति में पड़ता है और जनता के हित को नजरअंदाज करता है, तो उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग लड़ रही है। गांव-गांव में इस मुहिम की सराहना हो रही है और लोग सरकार के कामकाज से खुश हैं और समर्थन भी दे रही है।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान की सरकार बड़े से बड़े माफिया और रसूखदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। यह मुहिम पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है, यही वजह है कि पंजाब की जनता सरकार के साथ डट कर खड़ी है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से पंजाब में लगातार जनहित के काम किए जा रहे हैं। चाहे वो बिजली के बिलों को ज़ीरो करना हो, मोहल्ला क्लिनिक में इलाज कराना हो, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लानी हो या गांव-गांव में खेल के मैदान, तालाब और नहरों की साफ सफाई करवाना हो हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।
बता दें कि मनीष सिसोदिया गुरदासपुर में एक सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधन करने के लिए पहुंचे हुए थे। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने पार्टी कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो कार्यकर्ता यहां मौजूद हैं, वही भविष्य के विधायक, मंत्री और बड़े नेता बनेंगे। इस मौके पर अमन अरोड़ा और शैरी कलसी भी मौजूद रहे।