
चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज सिंह पन्नू ने पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बीबी राजिंदर कौर भट्ठल की एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इस खुलासे ने परंपरागत पार्टियों का असली चेहरा लोगों के सामने ला दिया है।
बलतेज सिंह पन्नू ने बताया कि वे बीबी भट्ठल की एक इंटरव्यू सुन रहे थे जिसमें भट्ठल ने खुद माना कि जब वे मुख्यमंत्री थीं और चुनाव आए तो उन्हें पार्टी के कुछ सलाहकारों और नेताओं ने सलाह दी कि बसों और सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाके करवा दिए जाएं ताकि सरकार दोबारा बन सके।
पन्नू ने कहा कि यह बेहद संगीन और हैरान करने वाला खुलासा है। उन्होंने मांग की कि बीबी भट्ठल को तुरंत बताना चाहिए कि कांग्रेस के वे कौन से नेता और सलाहकार थे जिन्होंने ऐसी घिनौनी सलाह दी थी।
‘आप’ नेता ने कहा कि यह बयान साफ करता है कि पिछले समय में परंपरागत पार्टियां किस तरह आम लोगों की जानें दांव पर लगाकर अपनी सरकारें बनाती और दोहराती रही हैं। यह पंजाब के लोगों के साथ धोखा है।