
चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के साथ कथित “गुप्त व्यापारिक सौदे” को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। पार्टी ने चेतावनी दी कि यह डील भारतीय किसानों को बर्बाद करने और देश की कृषि की आर्थिकता को खत्म करने की सीधी साज़िश है।
बुधवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह चौंकाने वाली और अपमानजनक बात है कि जब यह मुद्दा भारत के भविष्य और 80 करोड़ से ज़्यादा लोगों की रोज़ी-रोटी से जुड़ा है, तो इसका विवरण प्रधानमंत्री द्वारा संसद में सांझे नहीं किए जा रहे हैं, बल्कि ट्रंप के ट्वीट्स के ज़रिए सामने आ रहे हैं।
आप नेता ने सवाल करते हुए पूछा कि किया कि भारत के लोगों के लिए ट्रंप कौन हैं? वह मोदी के “मित्र” हो सकते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री चुप हैं तो वह सोशल मीडिया पर भारत की पॉलिसी क्यों बता रहे हैं? बंद दरवाजों के पीछे क्या डील हुई है और इसे देश से क्यों छिपाया जा रहा है?
धालीवाल ने चेतावनी दी कि इस सौदे के तहत, भाजपा ज़ीरो टैक्स पर अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत के दरवाज़े खोलने की तैयारी कर रही है, जिससे बाज़ार में सस्ते आयातित उत्पाद किसानों को तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यापार नहीं है, यह आत्मसमर्पण है। यह भाजपा का भारत में कृषि सेक्टर को बर्बाद करने की योजना है ताकि उनके पूंजीपति दोस्त लाभ ले सकें।