
संगरूर: संगरूर के अहमदगढ़ की रहने वाली युवती प्रतिभा गुप्ता (29) की कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसके किराए के घर की सीढ़ियों के पास मिला है।
करीब साढ़े 3 साल पहले कनाडा गई प्रतिभा वहां एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम कर रही थी। घटना वाले दिन शनिवार दोपहर को प्रतिभा ने अपने माता-पिता संजीव कुमार और इंदु जिंदल से लंबी बातचीत की थी।
शाम को जब परिजनों ने फोन किया, तो उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। चिंतित होकर परिवार ने उसके कार्यस्थल पर संपर्क किया। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत कनाडा पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को घर की सीढ़ियों के पास प्रतिभा का शव बरामद किया। कनाडा की ब्रैम्पटन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है । हालांकि अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।