नई दिल्ली/गोवा : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने Goa Forward Party (जीएफपी) के प्रमुख विजय सरदेसाई की मौजूदगी में गोवा विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की बड़ी घोषणा की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘‘आप’’ और जीएफपी का ‘गोवा फर्स्ट’ अलायंस गोवा में भाजपा और कांग्रेस का मजबूत विकल्प बनेगा। गणेश चतुर्थी पर हम गोवा की राजनीति में यह नई शुरूआत कर रहे हैं। गोवा में अगली सरकार ‘गोवा फर्स्ट’ अलायंस की बनेगी। तीसरा विकल्प नहीं होने के कारण भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर गोवा को बर्बाद कर किया। दो बार भाजपा और कांग्रेस से धोखा खा चुकी गोवा की जनता तीसरी बार धोखा खाने के मूड में नहीं है।
रविवार को गोवा के अबोलिम हॉल में Goa Forward Party के विजय सरदेसाई के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कहा जाता है कि शुभ काम गणेश जी का नाम लेकर करना चाहिए। इसलिए गणेश चतुर्थी से अच्छा कोई और अवसर नहीं हो सकता था। आज हम गोवा में Goa Forward Party in Goa और आम आदमी पार्टी के गठबंधन की घोषणा कर रहे हैं, जिसका नाम गोवा फर्स्ट एलायंस है। यह गठबंधन बनाने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि पिछले कई सालों से गोवा के लोग देख रहे हैं कि उनके पास कोई विकल्प नहीं है। वे या तो कांग्रेस को वोट देकर जिताते हैं या भाजपा को वोट देते हैं और दोनों पार्टियों के बीच में एक गठबंधन चल रहा है। 2017 में लोगों ने भाजपा से परेशान होकर कांग्रेस को वोट दिया और कांग्रेस ने अपने विधायक बेचकर भाजपा की सरकार बनवा दी। 2022 में फिर से लोगों ने भाजपा के खिलाफ वोट दिया, लेकिन फिर से कांग्रेस ने भाजपा को आंकड़े दिए और भाजपा की सरकार बना दी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग दो बार धोखा खा चुके हैं और अब तीसरी बार धोखा खाने के मूड में नहीं हैं। लोगों को विकल्प चाहिए। एक तरफ कांग्रेस, तो दूसरी तरफ भाजपा लोगों को धोखा दे रही है। चुनाव के दौरान भाजपा वाले कांग्रेस को खूब गालियां देते हैं और उसके बाद उन्हीं कांग्रेस वालों को लेकर सरकार बना लेते हैं। आज भाजपा की सरकार है, लेकिन उसमें आधे से ज्यादा कांग्रेसी हैं। ये दोनों पार्टियां एक तरह से मिलकर धोखा दे रही हैं। अंदरखाने दोनों के बीच प्यार-मोहब्बत, सेटिंग और डील है। गोवा के लोग दुखी हैं।