
जालंधरः पंजाब के Barnala में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज से आक्रोशित वाल्मीकि समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के Punjab Bandh के आह्वान पर 27 जुलाई सोमवार को पंजाब के कई जिलों में बंद का असर देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन और रैलियां की गईं और नगर निगम जालंधर तथा बाजार पूरी तरह से बंद हैं। Punjab Bandh के दौराना जालंधर के शेखां बाजार, किशनपुरा, भगवान वाल्मीकि चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला तथा कई निजी स्कूल सुबह से बंद हैं। लोगों को कोई परेशानी न हो, इसलिए दवा की दुकानें खुली रहीं।
वहीं, सफाई कर्मचारियों ने Barnala की घटना के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नगर निगम जालंधर मुख्यालय के बाहर इकट्ठे होकर अपना रोष जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि निहत्थे सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालंधर के कैम्ब्रिज इनोवेटिव स्कूल, एमजीएन स्कूल, सेठ हुक्म चंद स्कूल, इनोसेंट हार्ट स्कूल और शिव ज्योति स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर स्कूल बंद रहने की सूचना दी।
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने आम जनता, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न वर्गों से पंजाब बंद का समर्थन करने की अपील की है। संगठनों का कहना है कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
वहीं वाल्मिकी समाज के नेताओं ने सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है तथा जिम्मेदार पाए गए पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और प्रभावित कर्मचारियों के लिए तत्काल न्याय की भी मांग की है।