
जालंधर: सैनिक वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में 11 महीनों के लिए ठेके के आधार पर एक एजुकेशन इंस्ट्रक्टर और एक पार्ट टाइम क्लर्क की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए है।
जिला रक्षा सेवाएं कल्याण अधिकारी कमांडर बलजिंदर सिंह विर्क ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि एजुकेशन इंस्ट्रक्टर की पोस्ट के लिए उम्मीदवार की योग्यता सेवा मुक्त जे.सी.ओ./हवलदार (आर्मी एजुकेशन कोर्पस) या पूर्व सैनिकों के आश्रित होने के साथ विज्ञान और गणित विषय के साथ ग्रेजुएट होना चाहिए। इसी प्रकार पार्ट टाइम क्लर्क की पोस्ट के लिए उम्मीदवार पूर्व सैनिक क्लर्क/जी.डी. (एस.डी.) होना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि एजुकेशन इंस्ट्रक्टर को 12,000 रुपये और पार्ट टाइम क्लर्क को 8,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपने दस्तावेज़ और बायो-डेटा जिला रक्षा सेवाएं कल्याण कार्यालय, शास्त्री मार्केट, लाडोवाली रोड, जालंधर में 22 जून 2026 शाम 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को प्राथमिकता दी जाएगी।