
बटाला: बटाला में ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना बटाला के थाना सेखवां के अंतर्गत आते गांव मुंडी कराल की है। यहां मंगलवार देर रात जमीन विवाद में व्यक्ति ने चाची, चचेरे भाई और दोस्त की गोली मारकर हत्या के बाद खुद आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, मनजोत सिंह का जमीन विवाद के चलते अपनी सगी चाची हरजीत कौर और 12 वर्षीय चचेरे भाई हरि अमृतपाल सिंह को गोली मार दी। इसी दौरान उसका दोस्त प्रगट सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की तो, आरोपी ने उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद मनजोत सिंह अपने घर पहुंचा और रसोई में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में कुल चार लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बटाला भेज दिया है।