
अमृतसर: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-479 तकनीकी खराबी के चलते कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा पहुंची। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी के बाद विमान को तुरंत वापस भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर मोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार एयरबस A321 विमान ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान आई तकनीकी समस्या के चलते विमान अपने तय रूट से हट गया। हालांकि, स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
पर अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का निर्धारित समय निकल जाने के कारण विमान को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद फ्लाइट को वापस दिल्ली भेजा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। करीब दो घंटे बाद दोबारा अनुमति मिलने पर विमान ने अमृतसर के लिए उड़ान भरी। वह सुबह 2:20 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।