जालंधर : Census 2027 के दूसरे चरण संबंधी जिले में फील्ड ट्रेनरों को तीन-दिवसीय प्रशिक्षण प्रोग्राम के तहत ट्रेनिंग दी जा रही है। यहां लायलपुर खालसा कॉलेज में दी जा रही प्रशिक्षण के दौरान 50 फील्ड ट्रेनरों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये फील्ड ट्रेनर जिले में तैनात गिनतीकारों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रियाओं, डिजिटल एप्लीकेशनों सहित अन्य पहलुओं के बारे में व्यापक जानकारी प्रदान करना है, ताकि वे उन गिनतीकारों और सुपरवाइजरों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण दे सकें, जो जमीनी स्तर पर जाकर काम करेंगे।
Census 2027, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक करवाई जाएगी, जिसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड होगा।
प्रशिक्षण प्राप्त ‘फील्ड ट्रेनर’ 5 अक्तूबर से 10 नवंबर 2026 तक गिनतीकारों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा, 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ‘स्व-गणना’ (सेल्फ इन्यूमरेशन) की सुविधा चालू रहेगी, जिसके माध्यम से परिवार निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी उपलब्ध करवा सकेंगे।
जनगणना 2027 के दूसरे चरण के दौरान ये गिनतीकार और सुपरवाइजर घर-घर जाकर लोगों के बारे में निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे और आबादी गणना का काम पूरा करेंगे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के समय पूछे जाने वाले 40 सवालों और उन्हें सही तरीके से पूछने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्रोग्राम के दौरान डिजिटल एप्लीकेशनों के प्रभावी उपयोग और तकनीक-आधारित जनगणना प्रक्रिया में शामिल विभिन्न कार्य-विधियों पर भी प्रकाश डाला गया।
जालंधर जिले में जनगणना 2027 की तैयारियों के सिलसिले में चल रहा यह प्रशिक्षण एक अहम चरण है, जिसका उदेश्य जनगणना के फील्ड में जाकर करने वाले कामकाज को सही तरीके से और समय पर पूरा करवाना सुनिश्चित करना है।