लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हाल ही में हुई हिंसा का मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर कर सारे घटनाक्रम की CBI से जांच करवाए जाने की मांग की गई है।
यह याचिका LPU के एक छात्र ने दायर की है और मुख्य न्यायाधीश द्वारा मामले को बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
यह जनहित याचिका यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से कथित दुष्कर्म के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए हिंसक विरोध-प्रदर्शन के दो दिन बाद दायर की गई है। यूनिवर्सिटी कैंपस में विरोध-प्रदर्शन, पत्थरबाजी, तोड़-फोड़, आगजनी और संपत्ति के नुकसान के अलावा कैंपस में मौजूद दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। इसके साथ-साथी प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया। तीन जिलों से तैनात की गई पुलिस ने मामले को कड़ी मशक्कत के बाद संभाला और यूनिवर्सिटी प्रबंधन और छात्र नेताओं के बीच बातचीत करवाई।
कथित दुष्कर्म के मामले में पंजाब पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की गई है।