
चंडीगढ़ः भ्रष्टाचार और रिश्वत मामले में सीबीआई ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब विजिलेंस हेडक्वार्टर पर सोमवार देर रात रेड कर विजिलेंस चीफ शरद सत्य चौहान के रीडर ओपी राणा सहित 3 को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान करीब 13 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सीबीआई को सूचना मिली थी कि जमीनी विवाद और होटल से जुड़े मामले में राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। सीबीआई की टीम ने चंडीगढ़ के एक पांच सितारा होटल में जाल बिछाकर कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते रीडर और बिचौलियों को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए बिचौलियों में मुक्तसर के मलोट का रहने वाला राघव गोयल और उसका बेटा शामिल हैं। राघव गोयल को भाजपा से जुड़ा नेता बताया जा रहा है। फिलहाल सीबीआई की टीम मंगलवार सुबह दोबारा पंजाब विजिलेंस चीफ के दफ्तर जांच के लिए पहुंची है।