Amritsar : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पति-पत्नी सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 10 किलो हेरोइन, एक AK-47 और AK-56 राइफल, 4 मैगज़ीन और 10 ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव नें एक्स पर जानकारी सांझा करते हुए बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े थे और राज्य में आगे सप्लाई करने के लिए अवैध हथियार और नशीले पदार्थ हासिल कर रहे थे। पकड़े गए आरोपी ड्रोन के जरिए ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई प्राप्त करते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और उसकी पत्नी कमलजीत कौर दोनों वासी बराड़ पिंड और कमलजीत कौर का भाई बिक्रमजीत सिंह जोकि अमृतसर के गांव गुमानपुरा का रहने वाला बताया जा रहा है। संदीप सिंह पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संदीप सिंह और उसकी पत्नी सीमा पार से तस्करी के नेटवर्क को मैनेज करते थे और बिक्रमजीत सिंह आगे सप्लाई के लिए कोरियर की जिम्मेदारी संभालता था।
अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने और सप्लाई चेन की पूरी कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।