
खरड़ः खरड़ में पुलिस और गैंगस्टर लक्की पटियाल के गुर्गे बीच मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई। रणबीर सिंह राणा को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल खरड़ में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सीआईए खरड़ की टीम को सूचना मिली थी कि राणा अपने गांव गुनोमाजरा से मोटरसाइकिल पर खरड़ की तरफ आ रहा है।
पुलिस ने भुखड़ी रोड पर नाकाबंदी कर उसे घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा। इस पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। पुलिस ने मौके से आरोपी का पिस्टल और बाइक बरामद कर ली है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें रणबीर सिंह राणा, जो लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा हुआ है, ने कुछ दिन पहले चंडीगढ़ सेक्टर-38 स्थित रेजेंटा होटल मालिक के घर के बाहर फायरिंग की थी। यही नहीं, उस पर सिंगर बंटी बैंस पर गोली चलाने का भी आरोप है। पुलिस उसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। खरड़ थाने में उसके खिलाफ इरादा-ए-कत्ल और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।